आदित्य साहू बने झारखंड भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय परिषद के 21 सदस्यों के नाम घोषित

Shashi Bhushan Kumar

भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड प्रदेश संगठन को नई नेतृत्व टीम सौंप दी है। राज्यसभा सांसद आदित्य साहू को झारखंड भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। बुधवार को केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी के केंद्रीय चुनाव पदाधिकारी जुएल ओराम ने औपचारिक रूप से उनके निर्वाचन की घोषणा की।

आदित्य साहू ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में जुएल ओराम के समक्ष नामांकन दाखिल किया था। चूंकि इस पद के लिए कोई अन्य नामांकन नहीं हुआ, इसलिए उनका चयन निर्विरोध हो गया। इससे पहले वे झारखंड भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे थे।

प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के मौके पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, सांसद बीडी राम समेत कई वरिष्ठ नेता और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसी अवसर पर जुएल ओराम ने झारखंड से भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के लिए 21 सदस्यों के नामों की भी घोषणा की। सूची में कड़िया मुंडा, अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, यदुनाथ पांडेय, चंपई सोरेन, संजय सेठ, रघुवर दास, दिनेशानंद गोस्वामी, मधु कोड़ा, पशुपति नाथ सिंह, रविन्द्र कुमार राय, अमर कुमार बाउरी, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, जीतू चरण राम, अभयकांत प्रसाद, प्रदीप वर्मा, अनंत ओझा, दीपक प्रकाश, अन्नपूर्णा देवी और गीता कोड़ा शामिल हैं।

पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय आदित्य साहू को संगठनात्मक राजनीति का अनुभवी चेहरा माना जाता है। वे दो दशकों से अधिक समय से भाजपा से जुड़े हैं और प्रदेश उपाध्यक्ष, महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। वर्ष 2022 में वे झारखंड से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे।

61 वर्षीय आदित्य साहू शिक्षा जगत से भी जुड़े रहे हैं। वे वर्ष 2019 तक राम टहल चौधरी कॉलेज में व्याख्याता के रूप में कार्यरत थे। सामाजिक समीकरणों के लिहाज से भी उनकी नियुक्ति को अहम माना जा रहा है। उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने से झारखंड में भाजपा संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment