आदित्य साहू ने संभाला झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पदभार, सरकार पर साधा निशाना

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आज विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने से पूर्व उन्होंने सरस्वती पूजा के अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना की और इसके बाद संगठन की कमान संभाली। इस मौके पर उन्होंने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जिस उद्देश्य के साथ झारखंड राज्य का गठन हुआ था, मौजूदा सरकार उस सपने को कमजोर करने का काम कर रही है।

आदित्य साहू ने कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर अन्याय और अत्याचार फैल रहा है, जिसके खिलाफ भाजपा के कार्यकर्ता बूथ स्तर से संगठित संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है और उसकी विचारधारा को गांव-गांव तथा व्यक्ति-व्यक्ति तक पहुंचाना उनका प्रमुख लक्ष्य होगा।
उन्होंने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि बूथ कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश अध्यक्ष बनने तक का उनका सफर भाजपा की संगठनात्मक शक्ति का प्रमाण है।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विदेश दौरे को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निवेश लाने के उद्देश्य से विदेश गए हैं, लेकिन यह देखना होगा कि झारखंड के लिए वास्तविक रूप से क्या लेकर लौटते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व की विदेश यात्राओं से राज्य को कोई ठोस लाभ नहीं मिला है और आज भी झारखंड में निवेश के स्पष्ट संकेत नजर नहीं आते।

बाबूलाल मरांडी ने आदित्य साहू के संगठनात्मक अनुभव की सराहना करते हुए कहा कि बूथ स्तर से नेतृत्व तक का उनका सफर उन्हें एक सशक्त अध्यक्ष बनाता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल नेता की भूमिकाएं अलग-अलग होने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
साथ ही उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद किया।

राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने भी राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री के विदेश दौरे को एक “अग्नि परीक्षा” बताया। उन्होंने कहा कि झारखंड में उद्योग बंद हो रहे हैं, पलायन बढ़ रहा है और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है, जबकि सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में केवल खनिज संपदा की लूट हो रही है। साथ ही उन्होंने आदित्य साहू को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा।

दीपक प्रकाश ने कहा कि सड़क, बिजली, पानी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भाजपा मजबूती से संघर्ष करेगी और आने वाला समय संगठन के लिए और बेहतर साबित होगा।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment