तिहाड़ जेल से रिहा हुए अभिनेता राजपाल यादव, समर्थन के लिए जताया आभार

Shashi Bhushan Kumar

नई दिल्ली। फिल्म अभिनेता राजपाल यादव तिहाड़ जेल से रिहा हो गए हैं। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में देशवासियों और अपने प्रशंसकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग में उन्हें करीब 30 वर्ष हो चुके हैं और दर्शकों के प्यार व समर्थन की बदौलत ही वह सैकड़ों फिल्मों का हिस्सा बन पाए।

उन्होंने बताया कि यह मामला वर्ष 2012-13 के दौरान शुरू हुआ था और 2026 तक वह लगभग 250 फिल्मों में काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा से जुड़े हर आयु वर्ग के दर्शक उनके लिए बेहद खास हैं और वे आगे भी उनका स्नेह बनाए रखें।

अभिनेता ने कहा कि अदालत से जो भी निर्देश मिले, उन्होंने उनका पालन किया है और आगे भी न्यायालय के आदेशों का सम्मान करेंगे। उन्होंने न्यायालय का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी बात सुनी गई और उन्हें राहत मिली।

इससे पहले दिल्ली उच्च न्यायालय ने चेक बाउंस से जुड़े मामलों में उनकी सजा पर अंतरिम रोक लगाते हुए उन्हें अस्थायी राहत दी। न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा की एकल पीठ ने 18 मार्च तक उनकी रिहाई का आदेश दिया। शिकायतकर्ता कंपनी के खाते में 1.5 करोड़ रुपये जमा होने की जानकारी के बाद यह निर्णय लिया गया।

अदालत ने स्पष्ट किया कि अगली सुनवाई तक सजा पर अंतरिम निलंबन रहेगा और अभिनेता को आवश्यकतानुसार अदालत में व्यक्तिगत रूप से या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित होना होगा। मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को निर्धारित है।

गौरतलब है कि इससे पूर्व अदालत ने उन्हें निर्धारित समय तक जेल अधीक्षक के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था, जिसका उन्होंने पालन किया था। अब अगली सुनवाई तक उन्हें हिरासत से बाहर रहने की अनुमति दी गई है।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment