GUMLA
झारखंड के गुमला जिले में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि तेज गति से चल रहे हाईवा वाहन ने पीछे से टाटा मैजिक पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पिकअप में सवार सभी लोग रांची से गुमला जा रहे थे। वे तिलकुट बेचने के लिए यात्रा पर थे। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हाईवा चालक की तेज गति और लापरवाही से यह हादसा हुआ। हादसे के बाद चालक हाईवा लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्तियों को पहले सिसई रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया। मृतकों के शवों को सदर अस्पताल, गुमला भेजकर पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है। पुलिस आसपास के थानों और रांची पुलिस के साथ मिलकर मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने में जुटी हुई है।
पुलिस फरार हाईवा और उसके चालक की तलाश कर रही है और हादसे की गहन जांच जारी है।

