‘बाबा भोलेनाथ की भक्ति से गूंजेगा केतुंगा धाम’ : श्रावणी मेले की तैयारियां तेज, भव्य भक्ति संध्या सहित कई अहम फैसले

Ravikant Mishra

बानो: प्रखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल केतुंगा धाम में आगामी श्रावणी मेले के भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर गुरुवार को केतुंगा धाम न्यास समिति की महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष सुकरा केरकेट्टा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मेले की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए।बैठक में तय किया गया कि श्रावणी मेले का शुभारंभ न्यास समिति एवं मानव धर्म रक्षक संघ के सदस्यों द्वारा सामूहिक पूजन, शंख-घंट, बाजे-गाजे और जलाभिषेक के साथ किया जाएगा। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर, पार्किंग स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई शीघ्र पूर्ण करने तथा महाशिवरात्रि की तर्ज पर दुकानों को सुव्यवस्थित ढंग से लगाने का निर्णय लिया गया।

यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए तोरण द्वार के सामने सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी तथा मंदिर परिसर के भीतर वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने हेतु चिकित्सा प्रभारी बानो एवं जनजातीय कल्याण अस्पताल को आवश्यक सूचना भेजी जाएगी। इसके अलावा मंदिर परिसर में बेहतर ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, भक्ति संगीत और उद्घोषणा प्रणाली को भी सुदृढ़ किया जाएगा।समिति ने वृद्धजन, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगों एवं अस्वस्थ श्रद्धालुओं के लिए शीघ्र दर्शन की विशेष व्यवस्था करने का भी निर्णय लिया। वहीं अंतिम सोमवारी की पूर्व संध्या, 23 अगस्त 2026 को भव्य भक्ति संगीत संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध गायक-गायिकाओं एवं नृत्य मंडलियों की प्रस्तुति श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी।

बैठक में यह भी बताया गया कि केतुंगा धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए पर्यटन विभाग द्वारा स्थल का निरीक्षण किया जा चुका है। धाम के समग्र विकास हेतु समिति शीघ्र ही पर्यटन विभाग को पुनः मांग-पत्र सौंपेगी। वहीं श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, सिमडेगा एवं थाना प्रभारी, बानो को आवेदन देने का निर्णय लिया गया।बैठक में ओमप्रकाश साहू, दिलमोहन साहू, विनोद साहू, रामचंद्र साहू, उमेश कुमार साहू, अरविंद साहू, अजीत साहू, देव सिंह महतो, बंधनु केरकेट्टा, श्याम शिखर सोनी, राधेश्याम साहू, केशव चंद्र पाणिग्राही सहित बड़ी संख्या में न्यास समिति के सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

Share This Article
BUREAU CHIEF
Follow:
*शीलं परमं भूषणम्*
Leave a Comment