सिमडेगा : जिले के बरसलोया गांव की बानो एस एस प्लस 2 की छात्रा शिवांगी कुमारी ने जैक 10वीं बोर्ड परीक्षा में 99.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे झारखंड में प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। शिवांगी बानो प्लस टू उच्च विद्यालय की छात्रा है। उसकी इस शानदार सफलता से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। गांव में लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।

जिला उपायुक्त कंचन सिंह ने झारखंड टॉपर शिवांगी कुमारी को शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिवांगी की यह उपलब्धि न केवल उसके परिवार और विद्यालय, बल्कि पूरे सिमडेगा जिले के लिए गर्व का विषय है। उपायुक्त ने कहा कि उसकी मेहनत, लगन और अनुशासन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शिवांगी आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूते हुए जिले और राज्य का नाम रोशन करती रहेगी।

जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथलेश केरकेट्टा ने छात्रा की इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसकी मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्रा ने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। साथ ही उन्होंने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना किए।
विद्यालय के प्राचार्य आनंद कुमार ने बताया कि यह उपलब्धि शिवांगी की निरंतर मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शिवांगी ने पूरे विद्यालय को गौरवान्वित किया है। ग्रामीणों और परिजनों ने भी छात्रा को बधाई देते हुए उसकी सफलता पर गर्व जताया है।



