RANCHI
आज 15 अप्रैल 2026 को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची में “एक व्यक्ति-एक पद” (One Person–One Post) सहित शैक्षणिक और प्रशासनिक समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह आंदोलन आदिवासी छात्र संघ (एसीएस) और आइसा (ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन) के संयुक्त आह्वान पर आयोजित हुआ, जिसमें प्रशासनिक भवन का घेराव किया गया और सभी कक्षाओं का संचालन बाधित रहा।

प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति, डीन और छात्र प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई। कुलपति ने आश्वासन दिया कि राजभवन के निर्देशों के अनुरूप “एक व्यक्ति-एक पद” सहित अन्य मांगों पर एक सप्ताह के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

आदिवासी छात्र संघ के कार्यकारी अध्यक्ष दयाराम ने चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा में मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन और अधिक उग्र किया जाएगा। वहीं आइसा रांची सचिव संजना मेहता ने कहा कि समान अवसर के सिद्धांत का पालन होना चाहिए और एक व्यक्ति को एक से अधिक पद देने का निर्णय असमानता को बढ़ावा देता है।
छात्र संगठनों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन शैक्षणिक व्यवस्था में पारदर्शिता और समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जारी रहेगा।

