झारखंड: दुमका के होटल में मदरसा शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, साथ ठहरी महिला हिरासत में

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड की उपराजधानी दुमका के नगर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में गुरुवार को एक शख्स का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गोड्डा जिले के बोआरिजोर थाना के अंतर्गत सकरीकित्ता रामपुर निवासी मोहम्मद सादिक हुसैन अंसारी के रूप में हुई है। वह गोड्डा जिले के एक मदरसे में शिक्षक का काम करते थे।

जानकारी के अनुसार, सादिक हुसैन दुधानी टॉवर चौक स्थित होटल के कमरे में एक महिला के साथ ठहरे हुए थे। होटलकर्मियों द्वारा कमरे में एक व्यक्ति के अचेत होने की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस गुरुवार सुबह मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच और पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि सादिक हुसैन और उनके साथ कमरे में ठहरी महिला के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध थे। पुलिस ने मौके से महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

महिला ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि गुरुवार को खाना खाने के बाद कमरे में लौटते ही सादिक की तबीयत अचानक से बिगड़ गई और वे तड़पने लगे। कुछ देर बाद जब वे शांत हो गए तो उसे लगा कि वे सो गए हैं, लेकिन काफी समय तक कोई हलचल न होने पर उसने शोर मचाया और होटल कर्मियों को इसकी जानकारी दी।

नगर थाना पुलिस मामले की हर संभावित पहलू से तफ्तीश कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह प्राकृतिक मृत्यु का मामला है या इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है। होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस हिरासत में ली गई महिला से उनके संबंधों और दुमका आने के उद्देश्य को लेकर पूछताछ कर रही है।

TAGGED:
Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment