गुवाहाटी में कई स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास, अमित शाह ने की सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की सराहना

Shashi Bhushan Kumar

गुवाहाटी, LIVE 7 TV । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुवाहाटी में कई स्वास्थ्य सेवा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले असम की स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जर्जर था। सालों तक शासन में रहने वाली कांग्रेस ने अपने परिवारों के आर्थिक स्वास्थ्य के अलावा लोगों के स्वास्थ्य की चिंता नहीं की।

गुवाहाटी में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “जब से हिमंत बिस्वा सरमा जब से असम के मुख्यमंत्री बने हैं, एक लगन के साथ असम की स्वास्थ्य सेवाओं को गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे विकसित राज्यों के समकक्ष बनाने में सफल हुए हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “हिमंत बिस्वा सरमा में एक और कला है। वे सरकार के साथ-साथ समाज को जोड़कर भी अपनी शक्ति को दोगुना करते हैं।”

शाह ने कहा कि प्रोटोन थेरेपी जैसी अत्याधुनिक तकनीक, जो बहुत महंगी है, देश के किसी भी सरकारी अस्पताल में प्रोटोन थेरेपी की व्यवस्था नहीं है। हम सभी जानते हैं कि निजी अस्पतालों में इलाज बहुत महंगा होता है। लेकिन हिमंत बिस्वा सरमा 400 करोड़ रुपए की लागत से प्रोटोन थेरेपी को स्थापित करने जा रहे हैं। असम देश का पहला राज्य बनेगा, जहां सरकारी कैंसर अस्पताल में प्रोटोन थेरेपी होगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज 700 करोड़ रुपए की लागत से बने प्राग्ज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का उद्घाटन हुआ है। गोलाघाट और तीनसुखिया में कैंसर सेंटर के अलावा दीफू, बरपेटा और जोराहाट में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल व अभ्यापुरी जिला अस्पताल का शिलान्यास हुआ है। शाह ने कहा, “एक ही दिन में स्वास्थ्य क्षेत्र में असम को कंप्लीट राज्य बनाने का यह प्रयास हिमंत बिस्वा सरमा ने किया है। मैं इसकी प्रशंसा करना चाहता हूं। उन्होंने अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक प्रकार से आत्मनिर्भर बनाया है।”

अमित शाह ने कहा, “हिमंत बिस्वा सरमा की सोच है कि एक भी मरीज असम से बाहर न जाए। उनका कहना है कि बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों के गरीब मरीज भी असम में आकर अपना इलाज कराएं, ऐसे राज्य का निर्माण करना है। ये बहुत बड़ी बात है। आज 5 साल के कार्यक्रम में ही बराक वेली, उत्तर असम, सेंटर असम, लोअर असम, लगभग असम के हर हिस्से में कैंसर से लेकर सभी तरह के स्वास्थ्य की चिंता की है।”

TAGGED:
Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment