नई दिल्ली: देशभर में स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि पर विभिन्न नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को नमन किया।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मातृभूमि के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर संदेश जारी कर कहा कि आजाद अदम्य साहस और अटूट संकल्प के प्रतीक थे। उनका जीवन राष्ट्रसेवा और स्वाभिमान का अनुपम उदाहरण है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी उन्हें स्मरण करते हुए कहा कि आजाद का त्याग और समर्पण स्वतंत्रता संग्राम की अमिट गाथा है। उनका जीवन युवाओं के लिए साहस, संघर्ष और देशभक्ति की ज्योति प्रज्वलित करता रहेगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने श्रद्धांजलि संदेश में कहा कि चंद्रशेखर आजाद का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की स्वतंत्रता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि अंतिम क्षण तक अपने संकल्प पर अडिग रहने वाले इस महान क्रांतिकारी का जीवन कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी आजाद के अदम्य साहस और बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया और कहा कि उनका जीवन देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का निर्भीक संकल्प और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण भारतीय युवाओं के लिए सदैव मार्गदर्शक रहेगा।

