झारखंड: स्कूली बच्चों के लिए बड़ी राहत, आधार अपडेट अब पूरी तरह निःशुल्क

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों बच्चों के लिए खुशखबरी है। राज्य सरकार ने घोषणा की है कि अब 7 से 15 वर्ष तक के बच्चों का आधार कार्ड बायोमेट्रिक अपडेट बिना किसी शुल्क के किया जाएगा। यह निर्णय उन बच्चों के लिए विशेष राहत साबित होगा, जिनके आधार अपडेट में पहले फीस की वजह से बाधा आ रही थी।

सरकार के नियम के अनुसार, सितंबर 2026 तक निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों को आधार अपडेट कराने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। इससे पहले 5 से 7 वर्ष और 15 से 17 वर्ष के बच्चों का आधार अपडेट निःशुल्क किया जाता था।

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने सभी जिलों में यह निर्देश जारी किए हैं कि 7 से 15 वर्ष तक के बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट मिशन मोड में किया जाए। सभी स्कूलों, शिक्षकों और आधार ऑपरेटरों को इसके लिए तत्काल कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। हेमंत सोरेन सरकार ने भी इस प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया है।

बच्चे का आधार कार्ड पहली बार जारी होने पर माता-पिता के बायोमेट्रिक और जनसांख्यिकीय विवरण का उपयोग किया जाता है। 5 वर्ष की उम्र में बच्चे के उंगलियों के निशान और आंखों के स्कैन लिए जाते हैं। 15 वर्ष की आयु में, जब शारीरिक विकास स्थिर हो जाता है, तो दूसरा बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य होता है।

अभिभावक निर्धारित समयावधि में किसी भी आधार सेवा केंद्र या नामांकन केंद्र पर जाकर बिना शुल्क अपने बच्चे का आधार अपडेट करा सकते हैं। समय स्लॉट पहले से आधार पोर्टल पर बुक करना सुनिश्चित करें।

अभिभावकों को बच्चे के साथ मूल आधार कार्ड लेकर नजदीकी आधार केंद्र जाना होगा। यहां बच्चे के नए उंगलियों के निशान, आइरिस स्कैन और फोटो रिकॉर्ड किए जाएंगे और अपडेटेड आधार कार्ड जारी किया जाएगा। UIDAI वेबसाइट या ऐप पर उपलब्ध QR कोड के जरिए नजदीकी केंद्र का पता लगाया जा सकता है।

सही समय पर बायोमेट्रिक अपडेट कराने से बच्चों को भविष्य में जरूरी सरकारी सेवाओं, लाभों और पहचान सत्यापन में कोई परेशानी नहीं होगी। सरकार और UIDAI का संदेश है कि माता-पिता निर्धारित समय पर बच्चों का आधार अपडेट कराएं और इस सुविधा का लाभ पूरी तरह निशुल्क उठाएं।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment