RANCHI
राजधानी रांची के ऑड्रे हाउस में आयोजित “CMS VATAVARAN रांची ट्रैवलिंग फिल्म फेस्टिवल” का उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “Roots & Renewal: Indigenous Knowledge, Youth Voices, Planetary Stewardship” जैसे विषय वर्तमान समय में विशेष महत्व रखते हैं। उनका कहना था कि पृथ्वी के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए अपनी जड़ों और पारंपरिक ज्ञान से जुड़े रहना आवश्यक है।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना को दिशा देने की प्रभावी शक्ति भी है। जब पर्यावरण जैसे गंभीर मुद्दों को रचनात्मक और संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत किया जाता है, तो उनका प्रभाव व्यापक और दीर्घकालिक होता है।
उन्होंने झारखंड की जनजातीय जीवनशैली का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की परंपराएं प्रकृति के साथ संतुलित सह-अस्तित्व का उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। जैव-विविधता की रक्षा और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति सम्मान यहां की सांस्कृतिक धरोहर का हिस्सा रहा है। ऐसे पारंपरिक ज्ञान को संरक्षित और दस्तावेजीकृत किया जाना चाहिए, ताकि भावी पीढ़ियां भी उससे प्रेरणा ले सकें।
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संपदा से समृद्ध राज्य है। यहां का बड़ा भूभाग वनाच्छादित है, जो पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही खनिज संसाधन राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए अहम हैं। ऐसे में विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन कायम रखना आवश्यक है, जो सतत विकास की मूल भावना है।
उन्होंने “Mission LiFE – Lifestyle for Environment” का उल्लेख करते हुए नागरिकों से पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने की अपील की। “एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य” का संदेश पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प को दर्शाता है।
कार्यक्रम के समापन पर राज्यपाल ने आयोजन से जुड़े सभी संस्थानों और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं तथा विश्वास जताया कि यह फिल्म फेस्टिवल पर्यावरण जागरूकता को प्रोत्साहित करेगा।

