मेघालय कोयला खदान हादसा: मृतकों की संख्या बढ़कर 25 हुई

Shashi Bhushan Kumar

शिलॉन्ग: मेघालय के पूर्वी जैंतिया हिल्स जिले के थांग्सको क्षेत्र स्थित माइनसिंगट कोयला खदान में हुए विस्फोट और आग की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि खोज एवं बचाव अभियान अभी भी जारी है।

पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि तलाशी अभियान के दौरान खदान के भीतर से चार और शव बरामद किए गए हैं। इसके अलावा, शिलॉन्ग स्थित नॉर्थ ईस्टर्न इंदिरा गांधी रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेस में भर्ती एक घायल व्यक्ति की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। साथ ही, गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

अब तक कुल 17 शवों की पहचान कर ली गई है और सभी कानूनी व चिकित्सकीय औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है।

इस मामले में ख्लियेरीयात थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 105, 118(2), 3(5) के साथ-साथ खनिज एवं खनन (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की धारा 21 और 21(1) तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 के तहत दर्ज किया गया है।

पुलिस ने अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है—फॉर्मे चिरमांग (36) और शमेही वार (42), दोनों पूर्वी जैंतिया हिल्स जिले के निवासी हैं। इन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। अवैध खनन में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

जिला प्रशासन और पुलिस ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और तलाशी, जांच व कानूनी कार्रवाई लगातार चल रही है।

अधिकारियों का कहना है कि यह घटना एक बार फिर अवैध कोयला खनन के खतरों को उजागर करती है, जो लंबे समय से प्रतिबंधित होने के बावजूद क्षेत्र में जारी है।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment