डीसी की अध्यक्षता में कांटाटोली–सिरमटोली फ्लाईओवर को लेकर अहम समीक्षा बैठक

Shashi Bhushan Kumar

RANCHI

रांची के उपायुक्त (डीसी) की अध्यक्षता में आज कांटाटोली–सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर के निर्माण कार्य की प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना से जुड़े विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से चर्चा कर बिंदुवार समीक्षा की गई।

इस अवसर पर नगर प्रशासक सुशांत गौरव, एसपी (सिटी) पारस राणा, एसपी (ट्रैफिक) राकेश सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, सदर एसडीओ कुमार रजत, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के.के. राजहंस, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय सहित पथ निर्माण एवं भवन निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में फ्लाईओवर निर्माण की मौजूदा स्थिति, भू-अर्जन प्रक्रिया, यातायात प्रबंधन, यूटिलिटी शिफ्टिंग और भवनों के स्थानांतरण से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कांटाटोली–सिरमटोली फ्लाईओवर को शहर की यातायात व्यवस्था के लिए बेहद अहम बताते हुए उपायुक्त ने कहा कि इसे तय समय-सीमा के भीतर पूरा करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में नगर निगम क्षेत्र के 12 भवनों के मूल्यांकन की जानकारी प्रस्तुत की गई। उपायुक्त ने इनके शीघ्र स्थानांतरण के निर्देश दिए, जिस पर अधिकारियों ने बताया कि इन्हें एक सप्ताह के भीतर शिफ्ट कर दिया जाएगा।

सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने का निर्देश दिया गया, ताकि निर्माण कार्य में बाधा न आए और आम जनता को कम से कम परेशानी हो। जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि परियोजना से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं नियमों के तहत तेजी से पूरी की जा रही हैं और कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment