DHANBAD
झारखंड के सरायढेला इलाके में झरिया की भाजपा विधायक रागिनी सिंह के आवास पर रविवार देर रात दो सुतली बम फेंके जाने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार अज्ञात बदमाशों ने करीब 11:30 बजे ‘सिंह मेंशन’ के बाहर और अंदर बम फेंके और तुरंत मौके से फरार हो गए।
धमाके की तेज आवाज से आसपास के लोग सहम गए और कुछ देर के लिए आवास के भीतर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा में तैनात गार्डों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से बम के अवशेष जुटाए हैं, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक धमकी भरा पर्चा वायरल हुआ है, जिसमें खुद को गैंगस्टर अमन सिंह गिरोह से जुड़ा बताते हुए शंकर सिंह नामक व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पर्चे में धनबाद के कारोबारियों से रंगदारी मांगने और आम लोगों को धमकाने की बात कही गई है। पुलिस इस पत्र की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि गैंगस्टर अमन सिंह की दिसंबर 2023 में धनबाद जेल में हत्या हो चुकी है, लेकिन उसके नाम पर अब भी गिरोह सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।
विधायक रागिनी सिंह, झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह की पत्नी हैं, जो जल्द ही धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले हैं।

