BOKARO
बोकारो, झारखंड के बोकारो शहर के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में शुक्रवार को झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बोकारो स्टील सिटी कॉलेज के पास झाड़ियों में शव पड़े होने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में महिला की सिर पर वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है, हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि महिला के पहनावे और सामान्य रहन-सहन से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह संभवतः किसी ग्रामीण इलाके की निवासी हो सकती है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और हाल में दर्ज गुमशुदा महिलाओं के मामलों से भी मिलान किया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया है। फोरेंसिक विशेषज्ञ सबूत जुटाने में लगे हैं, ताकि हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य अहम सुरागों का पता चल सके। वहीं डॉग स्क्वायड की मदद से अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

