पलामू में घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप, ससुर की चाकू से हत्या, पत्नी-साली गंभीर घायल

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड के पलामू जिले में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर अपने ससुर की हत्या कर दी, जबकि उसकी पत्नी और साली गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

यह वारदात छतरपुर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, हैदरनगर थाना क्षेत्र के सोबा बरेवा गांव निवासी लवकुश यादव की शादी करीब तीन साल पहले छतरपुर की रहने वाली रीता देवी से हुई थी। शादी के बाद से दंपती के बीच लगातार तनाव बना हुआ था, जिसके चलते रीता देवी कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी।

जानकारी के अनुसार, लवकुश यादव हाल ही में बाहर से काम कर लौटा था। शुक्रवार को वह ससुराल पहुंचा और पत्नी पर साथ चलने का दबाव बनाने लगा। पत्नी के इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी ने आपा खोते हुए चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया।

शोर सुनकर ससुर सुनील यादव बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच में बचाने आई साली कविता कुमारी भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायल पत्नी और साली को मेदिनीनगर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी तेज कर दी है।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment