पीटी उषा के पति वी. श्रीनिवासन का निधन, पीएम मोदी ने जताई संवेदना

Shashi Bhushan Kumar

कोझिकोड : राज्यसभा सदस्य और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा के पति वी. श्रीनिवासन का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर से खेल और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों में शोक व्याप्त है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीटी उषा से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं और वे दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी वी. श्रीनिवासन के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में पीटी उषा और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हुए ईश्वर से परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 67 वर्षीय वी. श्रीनिवासन शुक्रवार सुबह अपने आवास पर अचानक अस्वस्थ हो गए। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे केंद्र सरकार में सेवारत रह चुके थे।

वी. श्रीनिवासन का पीटी उषा के खेल और सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्हें पीटी उषा के संघर्षों और उपलब्धियों के दौरान एक मजबूत सहारा माना जाता था। दंपती का एक पुत्र उज्ज्वल है।

‘उड़नपरी’ के नाम से प्रसिद्ध पीटी उषा भारतीय खेल जगत की प्रेरणादायक शख्सियतों में शामिल हैं। उनके परिवार में आई इस क्षति पर खेल जगत, प्रशंसकों और आम नागरिकों की ओर से लगातार संवेदना संदेश दिए जा रहे हैं।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment