अहमदाबाद एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

Shashi Bhushan Kumar

अहमदाबाद
सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट (SVPIA) को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजे गए इस धमकी भरे संदेश के बाद तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और संबंधित एजेंसियों को अलर्ट किया गया।

अधिकारियों के अनुसार, धमकी मिलने के बाद एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई और पूरे एयरपोर्ट परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए। यात्रियों, टर्मिनल एरिया और सामान की गहन जांच की गई।

जानकारी के मुताबिक, यह ई-मेल सुबह करीब 11:05 बजे प्राप्त हुआ था, जिसे ‘एम्बर डरहम’ नामक अकाउंट से भेजा गया बताया जा रहा है। ई-मेल में एयरपोर्ट को निशाना बनाए जाने की बात कही गई थी और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी।

धमकी की गंभीरता को देखते हुए सुबह 11:20 बजे बॉम्ब थ्रेट असेसमेंट कमेटी की आपात बैठक बुलाई गई। करीब 30 मिनट तक चली इस बैठक में ई-मेल की सामग्री और संभावित खतरे का आकलन किया गया। जांच के बाद इसे ‘नॉन-स्पेसिफिक बॉम्ब थ्रेट’ की श्रेणी में रखा गया।

हालांकि, किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के लिए एयरपोर्ट परिसर के सभी संवेदनशील इलाकों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

एयरपोर्ट के सुरक्षा ड्यूटी प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। केस में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और आपराधिक धमकी से जुड़ी धाराओं को शामिल किया गया है। साइबर क्राइम सेल ई-मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी हुई है।

गौरतलब है कि इससे पहले 23 जनवरी को भी शहर के कई स्कूलों को इसी तरह की धमकी भरे ई-मेल मिले थे, जिनकी जांच में कोई विस्फोटक नहीं पाया गया था। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment