PALAMU
झारखंड के पलामू जिले में पुलिस ने एक अवैध मोबाइल असेंबलिंग फैक्ट्री का खुलासा किया है, जहां फर्जी तरीके से नामी कंपनियों के नाम पर मोबाइल तैयार किए जा रहे थे। यह कार्रवाई पलामू पुलिस ने पांकी थाना क्षेत्र के खाप गांव में की।
पुलिस छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से 112 मोबाइल मदरबोर्ड, दो अलग-अलग ब्रांड के 335 मोबाइल फोन और बड़ी मात्रा में मोबाइल असेंबलिंग से जुड़ा अन्य सामान बरामद किया गया है। इस मामले में खाप गांव निवासी विकल्प कुमार और पांकी निवासी रंजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
पलामू पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पांकी क्षेत्र में मोबाइल फोन को अवैध रूप से रिफर्बिश्ड और असेंबल किया जा रहा है। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में यह अवैध गतिविधि सामने आई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि मोबाइल के मदरबोर्ड पश्चिम बंगाल से खरीदे जाते थे, जबकि अन्य पार्ट्स स्थानीय स्तर पर और बंगाल से ही जुटाए जाते थे। मदरबोर्ड 200 से 250 रुपये में खरीदे जाते थे और असेंबल किए गए मोबाइल 600 से 700 रुपये में दुकानदारों को सप्लाई किए जाते थे। इसके बाद दुकानदार इन्हें 1000 से 1200 रुपये में बाजार में बेचते थे। ये मोबाइल देश की दो नामी कंपनियों के नाम पर तैयार किए जाते थे।
पुलिस को कई ऐसे दुकानदारों के नाम भी मिले हैं, जो इन मोबाइलों की बिक्री में शामिल थे। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। साथ ही पुलिस यह जांच कर रही है कि बरामद मोबाइलों में इस्तेमाल किए गए आईएमईआई नंबर चोरी के हैं या पुराने और बेकार मोबाइलों से लिए गए हैं।
पलामू की पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेसन ने बताया कि पश्चिम बंगाल से मदरबोर्ड लाकर स्थानीय स्तर पर मोबाइल असेंबल किए जा रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि जिन दो ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर ये मोबाइल बनाए जा रहे थे, उन्होंने वर्ष 2017 में ही इन मॉडलों का निर्माण बंद कर दिया था। इसके बावजूद आरोपियों द्वारा पिछले तीन वर्षों से यह अवैध कारोबार चलाया जा रहा था।
पुलिस ने संबंधित कंपनियों को भी पूरे मामले की जानकारी देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। छापेमारी में पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन, सब-इंस्पेक्टर रबींद्र साय और अनूप टोप्पो सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पलामू पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर रखने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

