पत्नी की हत्या के चार दिन बाद आरोपी की फंदे से लटकी मिली लाश

Shashi Bhushan Kumar

राजधानी रांची में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी व्यक्ति का शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया है। मृतक की पहचान तौकिर अंसारी के रूप में हुई है, जो डोरंडा थाना क्षेत्र के मनीटोली वारिस चौक इलाके का निवासी था। यह घटना पत्नी की हत्या के चार दिन बाद सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, 24 जनवरी की दोपहर तौकिर अंसारी ने अपनी पत्नी तरन्नुम परवीन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। इस मामले में डोरंडा थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि तौकिर अंसारी की लाश फंदे से लटकी हुई मिली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। डोरंडा थाना पुलिस के अनुसार, मृतका तरन्नुम परवीन के भाई मो. मोजाहिद की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि 24 जनवरी को तौकिर की चाची ने फोन कर तरन्नुम की हत्या की जानकारी दी थी।

परिजनों के अनुसार, जब वे घर पहुंचे तो मृतका के बेटे अरहाम ने बताया कि उसके पिता ने मां के सिर में गोली मारी थी। प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया था कि तौकिर अंसारी लंबे समय से अपनी पत्नी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। कथित तौर पर उसका एक अन्य महिला से संबंध था, जिसका विरोध तरन्नुम परवीन कर रही थी। इसी विवाद को हत्या की वजह बताया गया था। इस मामले में एक महिला को भी नामजद आरोपी बनाया गया था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी, लेकिन इससे पहले ही उसने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment