पाकुड़
जिला मुख्यालय के गांधी चौक के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। मृतक की पहचान मृदुल चंद्र के रूप में हुई है, जो नगर थाना क्षेत्र के तलवा डांगा का निवासी बताया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृदुल चंद्र अपनी स्कूटी से आ रहे थे, तभी एक स्कूली बस के पिछले चक्के की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने बाजार भी बंद करा दिया है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मृतक के आश्रितों को 50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए।
सड़क जाम के कारण छोटी और बड़ी सभी प्रकार की गाड़ियों का परिचालन घंटों से बाधित है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क जाम हटाने के लिए अंचल अधिकारी कुमार अरविंद वेदिया और नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने-बुझाने में जुटे हुए हैं।
प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

