बड़ी खबर: झारखंड में निकाय चुनाव की घोषणा, 23 फरवरी को मतदान, 27 को आएंगे नतीजे

Shashi Bhushan Kumar

RANCHI
झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। राज्य के सभी 48 नगर निकायों में एक ही दिन मतदान कराया जाएगा। आयोग के अनुसार, 23 फरवरी को वोटिंग होगी जबकि मतगणना 27 फरवरी को संपन्न कराई जाएगी।

निर्वाचन आयोग ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 29 जनवरी से 4 फरवरी तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 5 फरवरी को की जाएगी और 6 फरवरी को उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 7 फरवरी को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।

चुनाव आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस बार नगर निकाय चुनाव में नोटा (NOTA) का प्रावधान नहीं रहेगा। कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है, जिससे चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।

राज्य के नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में तैयारियां तेज हो गई हैं। सभी प्रमुख दलों ने संभावित प्रत्याशियों के नामों पर मंथन शुरू कर दिया है।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, इस चुनाव में कुल 43 लाख 23 हजार 574 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 21 लाख 16 हजार 227 महिला मतदाता शामिल हैं। राज्य में कुल 48 नगर निकाय हैं, जिनमें 9 नगर निगम और 19 नगर पंचायतें शामिल हैं।

आयोग ने आम जनता से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण और जिम्मेदार तरीके से चुनाव प्रक्रिया में भाग लें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सहयोग करें।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment