मुंबई
ओडिया फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने संगीत निर्देशक और कंपोजर अभिजीत मजूमदार का रविवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और 54 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से ओडिशा समेत पूरे क्षेत्रीय संगीत जगत में शोक की लहर है।
अभिजीत मजूमदार बीते कई महीनों से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे और उनका इलाज एम्स भुवनेश्वर में चल रहा था। शनिवार रात उनकी हालत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें लाइफ सपोर्ट पर रखा गया। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों के अनुसार वे हाइपरटेंशन, हाइपोथायरायडिज्म और क्रॉनिक लिवर डिजीज से पीड़ित थे।
उनके निधन की खबर मिलते ही ओडिया फिल्म और संगीत जगत के कलाकारों, गायकों और निर्देशकों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कई हस्तियों ने उन्हें सरल, संवेदनशील और प्रतिभाशाली संगीतकार बताया।
बीजद प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अभिजीत मजूमदार का जाना न केवल ओडिशा बल्कि पूरे संगीत जगत के लिए बड़ी क्षति है और उनकी धुनें हमेशा श्रोताओं के दिलों में जीवित रहेंगी।
11 सितंबर 1971 को जन्मे अभिजीत मजूमदार ने 2000 के दशक की शुरुआत में ओडिया संगीत को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके संगीत में सरलता और भावनात्मक जुड़ाव की विशेषता रही।
उन्होंने ‘लव स्टोरी’, ‘सिस्टर श्रीदेवी’, ‘गोलमाल लव’, ‘सुंदरगढ़ रा सलमान खान’ और ‘श्रीमान सूरदास’ जैसी कई फिल्मों में यादगार संगीत दिया। अपने करियर में उन्होंने फिल्मों, एल्बम और क्षेत्रीय प्रोजेक्ट्स के लिए 700 से अधिक गीतों की रचना की।
परिवार में उनके पीछे पत्नी रंजीता मजूमदार और एक बेटा है। उनका जाना ओडिया संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

