सोनभद्र पुलिस ने कफ सिरप माफिया भोला जायसवाल की 28.50 करोड़ की संपत्ति कुर्क की

Shashi Bhushan Kumar

सोनभद्र/वाराणसी।
सोनभद्र पुलिस और एसआईटी ने शुक्रवार को कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार के मुख्य आरोपी भोला प्रसाद जायसवाल की करोड़ों की संपत्तियों को कुर्क करने की बड़ी कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, न्यायालय ने 22 जनवरी को अवैध संपत्ति जब्त करने का आदेश पारित किया था। इसके अनुपालन में सोनभद्र पुलिस और एसआईटी वाराणसी में आरोपी की लगभग 28.50 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों को कुर्क कर रही है।

भोला प्रसाद जायसवाल वाराणसी का रहने वाला है और लंबे समय से कोडीन युक्त सिरप के अवैध कारोबार में शामिल था। उसे पहले ही पश्चिमी बंगाल के दमदम एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तारी के समय वह विदेश भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण उसे समय रहते पकड़ लिया गया।

सोनभद्र पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई कफ सिरप के अवैध धंधे के खिलाफ चल रही जांच में एक अहम कदम है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अवैध धंधे के जरिए भारी संपत्ति अर्जित की है।

एसपी अभिषेक वर्मा ने आगे बताया कि अब तक करीब 28.50 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच जारी है और यदि अन्य अवैध रूप से अर्जित संपत्ति का पता चलता है, तो उस पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment