मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में प्रतिष्ठित व्हाइट बैज से सम्मानित

Ravikant Upadhyay

दावोस/रांची। झारखण्ड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए भारत के पहले आदिवासी निर्वाचित नेता के रूप में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की वार्षिक बैठक, दावोस में भाग लिया। उनकी वैश्विक मंच पर यह भागीदारी झारखण्ड राज्य के लिए गौरव का विषय बनी है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को उनके नेतृत्व में हो रहे परिवर्तनकारी कार्यों की सराहना करते हुए प्रतिष्ठित व्हाइट बैज प्रदान किया।

व्हाइट बैज प्राप्त करने वाले वैश्विक नेता को WEF कांग्रेस सेंटर एवं सभी विशेष WEF कार्यक्रमों में समान और पूर्ण प्रवेश मिलता है। यह सम्मान विश्व आर्थिक मंच द्वारा राष्ट्राध्यक्षों एवं सरकार प्रमुखों को प्रदान किया जाने वाला एक अत्यंत विशिष्ट और सम्मानजनक प्रतीक है। इस कार्यक्रम में अमेरिका के राष्ट्रपति श्री डोनाल्ड ट्रंप सहित कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों की भागीदारी प्रस्तावित रही।

इस अवसर पर WEF के वरिष्ठ प्रतिनिधि श्री शैलेश और श्री अनूप ने मुख्यमंत्री को WEF अध्यक्ष के दृष्टिकोण और वैश्विक मंच पर झारखण्ड की बढ़ती भागीदारी के बारे में अवगत कराया। उन्होंने कहा कि WEF झारखण्ड के साथ दीर्घकालिक साझेदारी विकसित करने के इच्छुक है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा WEF अध्यक्ष को भेजे गए औपचारिक पत्र की भी सराहना की गई। यह पत्र झारखण्ड की स्पष्ट विकास दृष्टि, गंभीरता और वैश्विक सहभागिता के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता का परिचायक है।

बैठक में तीन प्रमुख विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई: क्रिटिकल मिनरल्स, रेज़िलिएंट एवं समावेशी समाज, तथा जलवायु कार्रवाई और ऊर्जा संक्रमण। इन विषयों पर साझा सोच और भविष्य की रूपरेखा तैयार करने के लिए विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। WEF प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को WEF साइट भ्रमण के लिए आमंत्रित किया और भविष्य में झारखण्ड के साथ सहयोग और साझेदारी बढ़ाने की संभावनाओं पर संवाद करने की इच्छा व्यक्त की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर कहा कि यह सम्मान केवल उनके लिए नहीं, बल्कि झारखण्ड राज्य के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह वैश्विक मंच पर झारखण्ड की पहचान और उसकी विकास यात्रा को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि राज्य की प्राथमिकता समावेशी, सतत और भविष्य-दृष्टि से प्रेरित विकास है। WEF के साथ संवाद और साझेदारी से झारखण्ड को वैश्विक निवेश, तकनीकी नवाचार और ऊर्जा संक्रमण में नई संभावनाएं प्राप्त होंगी।

इस उपलब्धि और सम्मान से यह स्पष्ट होता है कि झारखण्ड केवल खनिज संसाधनों वाला राज्य नहीं, बल्कि सतत विकास, हरित उद्योग और वैश्विक सहयोग में अग्रणी राज्य के रूप में उभर रहा है। राज्य की सरकार वैश्विक मंचों पर सक्रिय भागीदारी के माध्यम से निवेश, औद्योगिक विकास और सामाजिक समावेशिता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

WEF द्वारा प्रदान किया गया व्हाइट बैज और उच्च स्तरीय संवाद झारखण्ड की वैश्विक पहचान को और सुदृढ़ करता है। यह राज्य के विकास मॉडल और समावेशी नीतियों को विश्व स्तर पर प्रस्तुत करने का एक अनूठा अवसर है, जो आने वाले वर्षों में राज्य को अंतरराष्ट्रीय निवेश और नवाचार के क्षेत्र में और मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

Share This Article
Leave a Comment