JAMSHEDPUR
पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत गालुडीह थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। उलदा पंचायत के खड़िया कॉलोनी बस स्टैंड के समीप स्थित प्रज्ञा (सीएससी) केंद्र में संचालक सह भाजपा नेता तारापद महतो (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

मृतक तारापद महतो पुतरू गांव के निवासी थे और बीते करीब दो वर्षों से खड़िया कॉलोनी में प्रज्ञा केंद्र का संचालन कर रहे थे। सोमवार को क्षेत्रीय पर्व टुसू के कारण केंद्र में दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही। रात करीब आठ बजे तक बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं ऑनलाइन लेनदेन और अन्य डिजिटल सेवाओं के लिए केंद्र पर मौजूद थीं।
इसी दौरान बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों आरोपी सीधे केंद्र के भीतर गए और संचालक से नाम-पता पूछने के बाद पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। गोलियां लगते ही तारापद महतो मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
अचानक हुई गोलीबारी से केंद्र में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद अपराधी बाइक से टाटा की ओर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही गालुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है।
बताया जा रहा है कि मृतक का गांव में जमीन से जुड़ा विवाद लंबे समय से चल रहा था, जिसे हत्या के संभावित कारणों में माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। तारापद महतो उलदा पंचायत की उपमुखिया आशारानी महतो के पति थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं वारदात को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है।

