RANCHI
मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित हीरो हॉकी इंडिया लीग (मेंस) 2025-26 के पहले मैच का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने किया। इस अवसर पर दोनों ने मैच का आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

उद्घाटन मैच के दौरान स्टेडियम में राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या मौजूद रही। दर्शकों की भारी उपस्थिति ने झारखंड में हॉकी के प्रति बढ़ते उत्साह और खेल संस्कृति को दर्शाया।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि हीरो हॉकी इंडिया लीग जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट झारखंड में हॉकी को नई पहचान देने में सहायक होंगे। इससे राज्य के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि युवा खिलाड़ी ओलंपिक और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

विधायक कल्पना सोरेन ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस तरह के आयोजन राज्य की खेल संस्कृति को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए आधारभूत संरचनाओं के विकास पर लगातार काम कर रही है, जिसमें स्टेडियमों का आधुनिकीकरण और प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना शामिल है।
यह आयोजन झारखंड की खेल नीति को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

