69वीं राष्ट्रीय स्कूली वेटलिफ्टिंग में झारखंड का शानदार प्रदर्शन, तीन पदक किए अपने नाम

Shashi Bhushan Kumar

महाराष्ट्र के संभाजीनगर स्थित क्रीड़ा संकुल स्टेडियम में 6 से 9 जनवरी 2026 तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए राज्य के लिए कुल तीन पदक जीते। अंडर-19 वर्ग में झारखंड को दो रजत और एक कांस्य पदक प्राप्त हुआ।

60 किलोग्राम भार वर्ग में बाबूलाल हेंब्रम ने कांस्य पदक जीतकर राज्य को पहला पदक दिलाया। उन्होंने स्नैच में 97 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 128 किलोग्राम वजन उठाया, जिससे उनका कुल योग 225 किलोग्राम रहा।

65 किलोग्राम वर्ग में सूरज कुमार महतो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। उन्होंने स्नैच में 108 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 142 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 250 किलोग्राम का स्कोर बनाया।

79 किलोग्राम भार वर्ग में रोहन कुमार ने रजत पदक जीतते हुए झारखंड की पदक तालिका को और मजबूत किया। उन्होंने स्नैच में 115 किलोग्राम तथा क्लीन एंड जर्क में 142 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 257 किलोग्राम का प्रदर्शन किया।

खिलाड़ियों की इस सफलता में कोच रंजीत मिश्रा और मैनेजर कुणाल दीप की अहम भूमिका रही।

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर वेटलिफ्टर्स ने जिस आत्मविश्वास और अनुशासन का परिचय दिया है, वह सराहनीय है और यह राज्य में खेल प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और खेल कोषांग से जुड़े पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment