इंदौर में सुरक्षित पेयजल को लेकर प्रशासन सतर्क, कलेक्टर शिवम वर्मा ने भगीरथपुरा का किया निरीक्षण

Shashi Bhushan Kumar

इंदौर: इंदौर में सुरक्षित पेयजल आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम पूरी तरह सतर्क हो गए हैं। हाल में सामने आई जल प्रदूषण की शिकायतों के बाद कलेक्टर शिवम वर्मा ने भगीरथपुरा क्षेत्र का दौरा कर नए पाइपलाइन कार्य का निरीक्षण किया और मौके पर चल रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बताया कि जल प्रदूषण की स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए लगातार सर्वे और निगरानी की जा रही है। पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से सफाई कार्य और सैंपल जांच की प्रक्रिया जारी है, ताकि हालात को जल्द सामान्य किया जा सके।

कलेक्टर ने कहा कि नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर तैनात रहकर जल आपूर्ति की निगरानी कर रहे हैं। आम नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पानी उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने भी भगीरथपुरा में चल रहे नए पाइपलाइन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि पाइपलाइन कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में जल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा।

नगर निगम के अनुसार, सभी कार्यों की सख्त निगरानी की जा रही है। हाल ही में शुरू हुए पाइपलाइन कार्य को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही, स्थानीय निवासियों से संवाद कर उन्हें जलजनित बीमारियों के प्रति सतर्क किया जा रहा है।

प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त पहल से यह उम्मीद जताई जा रही है कि इंदौर में जल प्रदूषण की समस्या पर शीघ्र नियंत्रण पाया जाएगा और नागरिकों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment