LIVE 7 TV /RANCHI
कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर झारखंड में पार्टी ने अभूतपूर्व संगठनात्मक प्रदर्शन करते हुए अपनी जमीनी मजबूती और एकजुटता का स्पष्ट संदेश दिया। इस मौके पर राज्यभर में व्यापक स्तर पर झंडोत्तोलन अभियान चलाया गया, जिसे कांग्रेस नेतृत्व ने संगठन के विस्तार और जनसंघर्ष के प्रति प्रतिबद्धता का मजबूत संकेत बताया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने स्थापना दिवस के सफल आयोजन पर प्रदेश, जिला, प्रखंड, ग्राम पंचायत और नगर निकाय स्तर के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन कांग्रेस की विचारधारा, संगठनात्मक एकता और जनता के मुद्दों के प्रति निरंतर संघर्ष का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और सशक्त बनाने के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे और मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रदेश प्रभारी के. राजू के मार्गदर्शन और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में यह अभियान पहली बार इतने व्यापक स्तर पर आयोजित किया गया। राज्य की 4365 ग्राम पंचायतों में पंचायत अध्यक्षों और उनकी 12 सदस्यीय समितियों के साथ-साथ 1051 वार्ड अध्यक्षों और उनकी 12 सदस्यीय समितियों के आवासों पर कांग्रेस का झंडा फहराया गया।
प्रदेश नेतृत्व के अनुसार, इस अभियान के तहत पूरे झारखंड में लगभग 80 हजार झंडोत्तोलन किए गए, जो सभी चयनित पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं के घरों पर संपन्न हुए। इसे कांग्रेस संगठन के जमीनी विस्तार, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और जनसंपर्क को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि पार्टी के निरंतर संघर्ष, जनसेवा और संगठन निर्माण की यात्रा का एक सशक्त पड़ाव है। उन्होंने कहा कि “हमारा सफर जारी रहेगा” के संकल्प के साथ कांग्रेस आने वाले समय में जनहित से जुड़े मुद्दों को और अधिक मजबूती से उठाएगी तथा संगठन को बूथ स्तर तक सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।

