खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में रविवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। कर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत गुयु गांव में अज्ञात अपराधियों ने आदिवासी कांग्रेस के कर्रा प्रखंड महासचिव 25 वर्षीय सुमित तिग्गा की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
मृतक सुमित तिग्गा गुयु गांव निवासी तेम्बा तिग्गा के पुत्र थे और अविवाहित थे। वे आदिवासी कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे और क्षेत्र में एक युवा, ऊर्जावान और सामाजिक रूप से जागरूक नेता के रूप में जाने जाते थे। संगठनात्मक कार्यों के साथ-साथ वे सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे, जिससे ग्रामीणों के बीच उनकी अच्छी पहचान बनी हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम सुमित तिग्गा अपने घर पर मौजूद थे। करीब साढ़े छह बजे उनके दो परिचित दोस्त उन्हें घर से बुलाकर गांव की ओर ले गए। इसके बाद वे गांव में कुछ लोगों के साथ अलाव ताप रहे थे। इसी दौरान लगभग आठ बजे अचानक पीछे से एक अज्ञात अपराधी ने उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही सुमित तिग्गा गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। खून से लथपथ सुमित को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए रांची स्थित देवनिका अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाने का काम किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय नेताओं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने हत्या की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे कानून-व्यवस्था की गंभीर विफलता बताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। आदिवासी कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि सुमित तिग्गा एक सक्रिय और लोकप्रिय युवा नेता थे, जिनकी हत्या से संगठन को गहरा आघात पहुंचा है।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल, गांव और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की तनावपूर्ण स्थिति से निपटा जा सके। मामले की जांच जारी है।

