वीर बिरसा की 150वीं जयंती पर, उलिहातु से रांची के लिए रवाना हुई ‘वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथन’

Shashi Bhushan Kumar

उलिहातु/खूँटी: भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित “वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथन” के प्रथम चरण के दूसरे दिन साइक्लोथन दल वीर बिरसा की जन्मस्थली उलिहातु से रांची के लिए रवाना हुआ। रांची प्रस्थान से पूर्व उलिहातु में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वीर बिरसा के जीवन और संघर्ष को दर्शाया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि खूँटी की उपायुक्त आर. रोनीटो रहीं। उनके साथ पुलिस अधीक्षक, खूँटी तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों में प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश महतो उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत कर्नल सुदीप सिन्हा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर संक्षिप्त प्रकाश डालते हुए उन्हें न केवल झारखंड, बल्कि देश और दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम में भगवान बिरसा के संघर्ष, विचारों और बलिदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

मुख्य अतिथि उपायुक्त आर. रोनीटो ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का अंग्रेजों के खिलाफ अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष उनकी वीरता का प्रतीक है, वहीं उनका जीवन सत्य, अहिंसा और संघर्ष के मूल्यों को भी दर्शाता है। प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश महतो ने भगवान बिरसा को जल, जंगल और जमीन का सच्चा रक्षक बताया।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों और पदाधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों को सम्मानित किया तथा उपहार स्वरूप दैनिक जीवन से जुड़ी आवश्यक सामग्री भेंट की। कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने साइक्लोथन में शामिल साइकिल चालकों को रांची के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment