रांची। झारखंड के रजत जयंती समारोह (झारखंड रजत पर्व) के अवसर पर प्रकाशित स्मारिका “झारखंड@25” की एक प्रति आज सामाजिक, आर्थिक एवं संसदीय अध्ययन केंद्र के शिष्टमंडल द्वारा राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को समर्पित की गई। इस अवसर पर राजभवन में एक संक्षिप्त सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें संस्था के पदाधिकारियों ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ, शाल और स्मारिका की प्रति भेंट कर सम्मान प्रकट किया।
शिष्टमंडल में संस्था के अध्यक्ष ओपी लाल, संयुक्त सचिव अमरनाथ झा, सदस्य अरुण कुमार मिश्र, प्रधान संपादक डॉ. चन्द्रकांत शुक्ल, संपादक डॉ. संतोष कुमार किड़ो सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। वहीं संस्था के सचिव अयोध्या नाथ मिश्र ने राज्य के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिदृश्य पर संस्था के दृष्टिकोण से विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने वर्तमान परिप्रेक्ष्य में राज्य के समेकित विकास के लिए प्राथमिकताओं के आधार पर कालबद्ध और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि यह स्मारिका झारखंड के सार्वदेशिक एवं समग्र विकास के संदर्भ में अनेक महत्वपूर्ण और सार्थक पहलुओं की ओर संकेत करती है।
श्री मिश्र ने यह भी जानकारी दी कि संस्था द्वारा समय-समय पर प्रकाशित अन्य महत्वपूर्ण पुस्तकों में समाज परिवर्तन की दिशा, भारत में शिक्षा: आज और कल, संसदीय व्यवस्था और आर्थिक प्रबंधन, संसदीय लोकतंत्र की चुनौतियां, जनजातीय आर्थिकी सहित एक दर्जन से अधिक प्रकाशन शामिल हैं, जो समाज और लोकतंत्र के विभिन्न पक्षों पर गहन विमर्श प्रस्तुत करते हैं।
इस अवसर पर प्रधान संपादक डॉ. चन्द्रकांत शुक्ल ने बताया कि “झारखंड@25” स्मारिका में झारखंड से जुड़े 25 विद्वानों के आलेख और सुझाव प्रकाशित किए गए हैं। इनमें पद्मश्री बलबीर दत्त, डॉ. अरुण कुमार सिंह (पूर्व मुख्य सचिव), वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, जेब अख्तर, कृषि वैज्ञानिक डॉ. शिवेंद्र कुमार, सांसद प्रदीप वर्मा, पूर्व सांसद महेश पोद्दार, वरिष्ठ पत्रकार वैजनाथ मिश्र और चंदन मिश्र सहित कई प्रमुख हस्तियों के लेख शामिल हैं।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने संस्था के इस प्रकाशन और अन्य रचनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए संस्था को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि वे इस स्मारिका का अध्ययन करेंगे और अपनी सम्मति भी संस्था को भेजेंगे। यह स्मारिका झारखंड के 25 वर्ष की विकास यात्रा, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं को एक व्यापक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करती है।

