बिजली पोल से गिरकर मिस्त्री की दर्दनाक मौत, ठेकेदार की लापरवाही बनी काल

Shashi Bhushan Kumar

चतरा जिले में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ बिजली का मेंटेनेंस कार्य करते समय पोल से गिरकर एक मिस्त्री की मौत हो गई। यह घटना चतरा के 22 कोर्ट परिसर और उपायुक्त कार्यालय के पास बिजली मेंटेनेंस के काम के दौरान घटी। यह पूरा हादसा ठेकेदार की घोर लापरवाही के कारण हुआ, जिसने मजदूर को बिना सेफ्टी किट के ही इतने खतरनाक कार्य में लगा रखा था। मृतक मिस्त्री की पहचान शिशुपाल कुमार (पिता फागु प्रजापति) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कुन्नू, बोकारो का निवासी था। सूत्रों के अनुसार, शिशुपाल बिजली के खंभे पर मेंटेनेंस का कार्य कर रहा था। चूंकि ठेकेदार अंतु कुमार अग्रवाल ने उसे कोई आवश्यक सुरक्षा उपकरण (सेफ्टी किट) उपलब्ध नहीं कराया था, इसलिए खंभे से फिसलते ही वह सीधे जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। यदि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध होते, तो शायद उसकी जान बच सकती थी।

हादसे के बाद घायल शिशुपाल को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल चतरा लाया गया। लेकिन, वहाँ चिकित्सकों ने जाँच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, अपने लापरवाही भरे कृत्य के अंजाम और मामले को बिगड़ता देखकर ठेकेदार अंतु कुमार अग्रवाल भी सदर अस्पताल पहुँचा। उसने मामले को रफा-दफा करने की कोशिश करते हुए, मानवता और कानूनी प्रक्रिया को ताक पर रखकर, मृतक का शव लेकर सदर अस्पताल से फरार होने का प्रयास किया।

मामले की सूचना तुरंत सदर थाना प्रभारी को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरकत में आए और उन्होंने ठेकेदार की गाड़ी का तुरंत पीछा करना शुरू कर दिया। त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ने ठेकेदार को पकड़ लिया और जबरन ले जाए जा रहे शव को वापस अस्पताल लाया गया। इस पूरे घटनाक्रम ने ठेकेदार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे उसकी लापरवाही के साथ-साथ मामले को छिपाने की कोशिश भी उजागर हुई है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment