झारखंड में कड़कड़ाती ठंड, सिमडेगा 5.7°C पर जम गया,सरकार ने जारी किए 79 लाख

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड में गुरुवार की सुबह सीजन की सबसे कड़क सर्दी लेकर आई। कई जिलों में पारा अचानक नीचे चला गया और लोगों को ठिठुरन महसूस होने लगी। IMD के मुताबिक सिमडेगा 5.7°C के साथ सबसे ठंडा जिला दर्ज हुआ है। औसत न्यूनतम तापमान भी 10°C से नीचे बना हुआ है।

उत्तरी व उत्तर-पूर्वी हवाओं ने मौसम को और कड़ा कर दिया है।

गुमला: 5°C

खूंटी: 6°C

दोनों जिलों में सुबह की धुंध और तेज़ हवा ने ठंड को और तेज़ कर दिया।

लोहरदगा में तापमान 7.3°C और हजारीबाग में 7.5°C रहा।
राजधानी रांची 8.5°C, लातेहार 8.2°C, और पश्चिम सिंहभूम में 9°C दर्ज किया गया—जो सामान्य से काफी कम है।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, यह कड़ाके की ठंड एक दिन और रह सकती है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 3–5°C की बढ़ोतरी संभव है। यानी अगले हफ्ते के दौरान सर्दी कुछ कम महसूस होगी।

ठंड से राहत दिलाने के लिए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने 24 जिलों को कुल 79 लाख रुपये रिलीज किए हैं।
सभी जिलों के उपायुक्तों को प्रमुख स्थानों—जैसे बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों—में अलाव की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

आपदा प्रबंधन मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि ठंड का सबसे ज्यादा असर गरीब और बेघर लोगों पर पड़ता है, इसलिए यह सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है कि कोई भी व्यक्ति ठंड से पीड़ित न हो।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment