रांची। झारखंड कांग्रेस के सांसद, विधायक, मंत्री और पूर्व लोकसभा एवं विधानसभा प्रत्याशियों की महत्वपूर्ण बैठक आज कांग्रेस भवन, रांची में आयोजित की गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के. राजू उपस्थित रहे। बैठक में पार्टी नेताओं को आगामी चुनावों और मतदाता सूची सत्यापन (SIR) प्रक्रिया के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। श्री के. राजू ने कहा कि “बिहार में 56 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे। झारखंड में ऐसा न हो, इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत और चौकन्ना रहना होगा।” उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि 15 दिसंबर तक प्रत्येक बूथ पर बीएलए की नियुक्ति जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनिश्चित करें, और इसमें सभी सांसद, मंत्री, विधायक और पूर्व प्रत्याशी सक्रिय सहयोग दें।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बैठक में कहा कि झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों के कारण यह राज्य भाजपा के निशाने पर है। सत्ता पाने के लिए भाजपा हर संभावित हथकंडा अपना सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग को “जेबी संस्था” बनाकर मतदाता सूची से आम लोगों के नाम कटवाने का प्रयास कर रही है ताकि आगामी चुनाव में इसका लाभ उठाया जा सके। केशव महतो ने आगे कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को जनता तक पहले से पहुँचाना आवश्यक है, ताकि लोग समय रहते अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक सांसद, विधायक, मंत्री और पूर्व प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में बीएलए की नियुक्ति करेंगे और मतदाता सूची सत्यापन की प्रक्रिया तुरंत शुरू करेंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पार्टी संगठन एसआईआर के हर बिंदु की जानकारी जनता तक पहुंचाएगा। इससे लोग प्रक्रिया को समझकर समय पर मतदान में भागीदारी सुनिश्चित कर सकेंगे। प्रदेश कांग्रेस सचिव सतीश पौल मुंजनी ने बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि सभी वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रत्याशी अपने बूथों के बीएलए नियुक्त करेंगे और जनता को मतदाता सूची सत्यापन के बारे में जागरूक करेंगे।
बैठक में सह-प्रभारी डॉ. बेला प्रसाद, भूपेंद्र मारावी, उप नेता राजेश कचछप, मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री दीपिका पांडे, मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद कालीचरण मुंडा, विधायक रामेश्वर उरांव, रामचंद्र सिंह भूषण बाड़ा, निशात आलम, ममता देवी, सोनाराम सिंह सिंकू, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, जलेश्वर महतो, जेपी पटेल, अजय नाथ शाहदेव, मुन्ना सिंह, रामचंद्र चंद्रवंशी सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

बैठक के समापन पर नेताओं ने सभी स्तरों पर सतर्कता और जनता के साथ जुड़ाव की आवश्यकता पर जोर दिया। उनका मानना है कि समय पर और सटीक कार्रवाई के माध्यम से ही पार्टी आगामी चुनावों में मजबूत स्थिति में रह सकती है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सही दिशा दी जा सकती है।

