पिछले 8 दिनों से लापता सत्यम साहू का क्षत-विक्षत शव पत्थर माइंस से मिला

Shashi Bhushan Kumar

चतरा : पिछले आठ दिनों से लापता रक्सी गांव निवासी एक युवक की गुमशुदगी के मामले ने अब हत्या का रूप ले लिया है. 30 अक्टूबर 2025 की शाम को ट्यूशन पढ़ने घर से निकले सत्यम साहू ,पिता लक्ष्मण साहू का शव सदर थाना क्षेत्र के धमनिया स्थित पत्थर माइंस के गहरे गड्ढे में पानी में तैरता हुआ क्षत-विक्षत हालत में मिला है. सत्यम साहू 30 अक्टूबर की शाम लगभग 5:00 बजे घर से निकले थे और वापस नहीं लौटा. परिजनों ने तत्काल 31 अक्टूबर को चतरा थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी, लेकिन आठ दिनों तक उनका कोई पता नहीं चल सका. युवक का शव मिलने के बाद परिवारजनों में गहरा गुस्सा और मातम छा गया. परिजनों ने चतरा पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते पुलिस ने आवेदन पर गंभीरता नहीं दिखाई और कोई अथक प्रयास नहीं किया, जिसका परिणाम यह हुआ कि सत्यम की जान चली गई. मृतक के मामा श्रवण कुमार ने आशंका जताई है कि मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है और यह सुनियोजित हत्या है, जिसके बाद शव को माइंस में फेंक दिया गया. आक्रोशित परिवारजनों और ग्रामीणों ने तत्काल चतरा-चौपारण मुख्य मार्ग को पूर्ण रूप से जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया. इस गंभीर स्थिति की जानकारी मिलते ही, सदर अनुमंडल पुलिस उपाधीक्षक (SDPO) संदीप कुमार सुमन अपने दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. एसडीपीओ सुमन ने परिवारजनों से अथक वार्ता की उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच-पड़ताल की जाएगी, सभी दोषियों पर उचित कार्यवाही की जाएगी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा भी दिलाया जाएगा. पुलिस के अथक प्रयासों और एसडीपीओ संदीप कुमार सुमन के ठोस आश्वासन के बाद, कई घंटों से लगा चतरा-चौपारण मुख्य मार्ग पर जाम खुलवा दिया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अब हत्या के एंगल से गहराई से जाँच शुरू कर दी है.

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment