झामुमो प्रत्याशी सोमेश चन्द्र सोरेन को झारखंड आंदोलनकारी महासभा से मिला समर्थन

#jmm #hemantsoren #jharkhand #ghatshila

Shashi Bhushan Kumar
घाटशिला उपचुनाव :बैठक करते पदाधिकारी

रांची: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर झारखंड आंदोलनकारी महासभा की एक आवश्यक बैठक केन्द्रीय समिति अध्यक्ष राजू महतो की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि झारखंड आंदोलनकारी महासभा, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रत्याशी एवं स्वर्गीय पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के सुपुत्र सोमेश चन्द्र सोरेन का समर्थन करेगी। बैठक में प्रधान महासचिव मो. कयूम खान, वरीय उपाध्यक्ष किशोर किस्कू, उपाध्यक्ष नीरू शांति भगत, महिला संयोजक विनीता खलखो, महासचिव शिव शंकर शर्मा, सीता उरांव, एरेन कच्छप, इसरार अहमद, छत्रपति महतो, प्रवीण सहाय, बिंदिया देवी सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक के दौरान केन्द्रीय अध्यक्ष राजू महतो ने कहा कि स्व. रामदास सोरेन झारखंड की अस्मिता, आदिवासी अधिकार और गरीबों के सम्मान की लड़ाई के सशक्त योद्धा थे। झारखंड आंदोलन में उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई थी। इस मौके पर प्रधान महासचिव मो. कयूम खान ने कहा कि यह उपचुनाव सिर्फ एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि झारखंड की अस्मिता, स्वाभिमान और शहादत की विरासत को बचाने की लड़ाई है। स्व. रामदास सोरेन जैसे सच्चे आंदोलनकारी के पुत्र सोमेश चन्द्र सोरेन झारखंड की उस नई पीढ़ी का प्रतीक हैं, जो अपने पुरखों के अधूरे सपनों को साकार करने की क्षमता रखते हैं। हमें ‘तीर-धनुष’ पर बटन दबाकर उस विचारधारा को मज़बूत करना है, जिसने हमें अलग राज्य का अस्तित्व दिया।
वरीय उपाध्यक्ष किशोर किस्कू ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारी महासभा हमेशा उन लोगों के साथ खड़ी रही है, जो राज्य की माटी, जल-जंगल-जमीन और हक-अधिकार की बात करते हैं। इसलिए यह समर्थन झारखंड की आत्मा की आवाज़ है। बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने एक स्वर में सोमेश चन्द्र सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।

 

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment