कांग्रेस ने किया हर मां की गरिमा का अपमान : रेखा

Live 7 Desk

नयी दिल्ली, 12 सितंबर (लाइव 7) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कांग्रेस पर राजनीतिक मर्यादाओं की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस ने सिर्फ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां का अपमान नहीं बल्कि हर मां की गरिमा का अपमान किया है।
श्रीमती रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा, ‘जनविश्वास खो चुकी कांग्रेस ने राजनीतिक मर्यादाओं की पूरी तरह धज्जियाँ उड़ा दी हैं। पहले सार्वजनिक मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्वर्गीय माता का अपमान किया और अब झूठे एआई वीडियो के जरिए वही घृणित कृत्य कांग्रेस दोहरा रही है। यह केवल प्रधानमंत्री की माँ का नहीं, हर माँ की गरिमा का अपमान है।’
उन्होंने कहा कि यह संयोग नहीं, बल्कि सुनियोजित षड्यंत्र है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इशारे पर ही प्रधानमंत्री की माता को लगातार अपमानित किया जा रहा है। कांग्रेस का यह घृणापूर्ण और ओछा व्यवहार महिलाओं और माताओं के सम्मान का घोर उल्लंघन है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी संस्कृति में माँ को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है और कांग्रेस बार-बार इसे आहत कर रही है। भारत की हर माँ का सम्मान सुरक्षित रहना चाहिए। कांग्रेस को अपनी इस नफरत की दुकान को बंद करके, देश की हर माता से माफी माँगनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि बिहार कांग्रेस ने ‘साहब के सपनों में आई मां’ शीर्षक से एक्स पर एक वीडियो साझा किया जिसको लेकर विवाद छिड़ गया है।
आजाद, मधुकांत
लाइव 7

Share This Article
Leave a Comment