LATEHAR
नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर लागू आदर्श आचार संहिता के बीच लातेहार जिला मुख्यालय में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक कार से लगभग 40 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। यह रकम एक बैग में रखी हुई थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। लातेहार एसपी कुमार गौरव ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
वाहन जांच के दौरान मिला नकदी भरा बैग
जानकारी के अनुसार, चुनाव को देखते हुए प्रशासन ने शहर के विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया हुआ है। बुधवार शाम जांच के दौरान पुलिस ने एक कार की तलाशी ली, जिसमें एक बैग में बड़ी मात्रा में नकदी मिली।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बैग में ₹500, ₹200, ₹100 और ₹50 के नोटों की गड्डियां थीं। सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और राशि को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई।
एसपी बोले—पारदर्शी तरीके से होगी जांच
लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि आचार संहिता के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए शहर में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “एक वाहन से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह रकम कहां से लाई गई और कहां ले जाई जा रही थी। यदि आचार संहिता उल्लंघन पाया गया तो सख्त कार्रवाई होगी।”
बड़ी नकदी ले जाने पर जरूरी है प्रमाण
एसपी ने स्पष्ट किया कि आचार संहिता लागू होने के बाद ₹49,000 से अधिक नकद राशि ले जाते हुए पकड़े जाने पर मामला स्वतः जांच के दायरे में आता है।
उन्होंने कहा, “यदि कोई व्यक्ति बड़ी रकम लेकर चल रहा है, तो उसके पास बैंक स्टेटमेंट या वैध दस्तावेज होना अनिवार्य है।”
साथ ही उन्होंने आम नागरिकों और चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों से अपील की कि वे आचार संहिता का पालन करें ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

