क्रिस्टियानो रोनाल्डो 900 गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने

Live 7 Desk

लिस्बन 06 सितंबर (लाइव 7) पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो आधिकारिक मैचों में 900 गोल करने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए।
पुर्तगाल के रोनाल्डो ने गुरुवार को यूईएफए नेशंस लीग मैच में क्रोएशिया के खिलाफ मुकाबले में यह उपलब्धि हासिल की। गोल के बाद जश्न मनाते हुए रोनाल्डो अपने हाथ चेहरे की ओर उठाए और घुटनों के बल बैठ गए।
मैच में रोनाल्डो ने 34वें मिनट में नूनो मेंडेस के क्रॉस पर 6 गज की दूरी से वॉली लगाकर यह ऐतिहासिक गोल किया और पुर्तगाल को 2-0 से आगे कर दिया। पुर्तगाल ने इस मुकाबले में क्रोएशिया पर 2-1 से जीत दर्ज की।
मैच के बाद रोनाल्डो ने कहा, “यह उपलब्धि बहुत मायने रखती है।” उन्होंने कहा, “यह एक ऐसा मील का पत्थर था जिसे मैं लंबे समय से हासिल करना चाहता था। मुझे पता था कि मैं इस संख्या तक पहुंच जाऊंगा, क्योंकि जैसे-जैसे मैं खेलता रहूंगा, यह स्वाभाविक रूप से होता जाएगा।”
उन्होंने कहा, “यह भावनात्मक था मैं और मेरे आस-पास के लोग ही जानते हैं कि हर दिन काम करना, शारीरिक और मनोवैज्ञानिक रूप से फिट रहना और 900 गोल करना कितना कठिन है। यह मेरे करियर में एक अनूठा मील का पत्थर है।”
रोनाल्डो के निकटतम प्रतिद्वंद्वी लियोनेल मेस्सी 842 गोल के साथ दूसरे और ब्राजील के दिग्गज पेले 765 गोल के साथ सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
 
लाइव 7

Share This Article
Leave a comment