बंगाल में महिला चिकित्सक की हत्या के विरोध में देशभर में विरोध प्रदर्शन

Live 7 Desk

नयी दिल्ली 16 अगस्त (लाइव 7) पश्चिम बंगाल में कोलकाता के सरकारी आरजी कर अस्पताल में एक महिला प्रशिक्षु चिकित्सक के दुष्कर्म और हत्या के मामले में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी सहित देश के विभिन्न स्थानों पर धरना एवं विरोध प्रदर्शन किए गए।
पश्चिम बंगाल के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या को लेकर देश भर में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच नयी दिल्ली में डॉक्टरों ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तक मार्च निकालने का प्रयास किया। न्याय की मांग करने के लिए निर्माण भवन पहुंचे लेकिन पुलिस बैरिकेड्स ने उन्हें रोक दिया। एम्स, आरएमएल, सफदरजंग, लेडी हार्डिंग और कई अन्य अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टरों को निर्माण भवन के बाहर पोस्टर और बैनर लिए ‘वी वांट जस्टिस’ और ‘नो सेफ्टी, नो ड्यूटी’ जैसे नारे लगाते देखा गया। प्रदर्शन के पांचवें दिन सभी वैकल्पिक सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं, हालांकि आपातकालीन सेवाएं और ओपीडी चालू हैं।
केंद्रीय सरकारी अस्पताल के एक सर्जन ने यूनीलाइव 7 से बात करते हुए कहा, “हम रेजिडेंट डॉक्टरों के विरोध में नैतिक रूप से उनका समर्थन कर रहे हैं। मंत्रालय के दिशानिर्देशों के अनुसार केंद्र सरकार के अस्पताल अपनी सभी सेवाएं बंद नहीं कर सकते हैं और हम ऐसा नहीं करना चाहते हैं। हालाँकि हम अपने रेजिडेंट डॉक्टरों का समर्थन कर रहे हैं।
हेल्थकेयर फेडरेशन ऑफ इंडिया, नैटहेल्थ ने सरकार और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से डॉक्टरों के लिए एक सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया और कहा कि उनके खिलाफ हिंसा का कोई भी कार्य ‘अस्वीकार्य और निंदनीय’ है।
स्वास्थ्य सेवा उद्योग निकाय (नैटहेल्थ) ने कोलकाता में चिकित्सा हिंसा के हालिया क्रूर कृत्य की निंदा करते हुए कहा कि डॉक्टरों और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को देखभाल प्रदान करने और जीवन बचाने के लिए एक सुरक्षित संचालन वातावरण की आवश्यकता होती है। डॉक्टरों या स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ हिंसा का कोई भी कृत्य अस्वीकार्य और निंदनीय है।
देहरादून में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रत्युष कांत ने कोलकत्ता में महिला डाक्टर हत्या मामले में ममता सरकार को घेरते हुए बंगाल में कानून का राज समाप्त होने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले में वहां की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित इंडिया समूह के नेताओं पर छिपे रिश्ते का भी आरोप लगाया।
हैदराबाद में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता   भंडारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति तेजी से बिगड़ रही है, जैसा कि राज्य में बढ़ती अपराध दर और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचारों से पता चलता है।
चंडीगढ में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर पी सिंह ने कहा कि कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में कनिष्ठ चिकित्सक के साथ रेप मर्डर मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सरकार दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को निर्ममता करार देते हुए आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल में गुंडा राज चरम पर है, कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है, महिला सुरक्षित नहीं हैं एवं संविधान का गला घोंटा जा रहा है और वह अपनी जिम्मेदारी नहीं संभाल पा रही है ऐसे में उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए
देश के विभिन्न भागों में भी इसी तरह के विरोध प्रदर्शन किए गए है।
  अशोक
लाइव 7

Share This Article
Leave a comment