बेगूसराय, 01 नवंबर (लाइव 7) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को बिहार में बेगूसराय जिले के बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुये राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर तीखा प्रहार किया और कहा कि, ‘पिछले 20 सालों से सत्ता में बैठी सरकार ने बिहार की जनता को सिर्फ गरीबी, बेरोजगारी और पलायन दिया है।‘
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि अब बिहार की जनता को सोच- समझकर अपने भविष्य का फैसला करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनता को बरगलाने और भविष्य- अतीत की बातों में उलझाने का काम कर रही है, लेकिन जनता के संघर्षशील वर्तमान की चर्चा नहीं करती।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने यहीं से संविधान के लिये लड़ाई शुरू की थी, लेकिन आज उसी संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। बिहार में 20 साल से राजग की सरकार है, जिसने जनता को कमजोर करने और जाति- धर्म के नाम पर बांटने की साजिश की है। उन्होंने मतदाता सूची से 65 लाख मतदाताओं के नाम काटे जाने का मुद्दा उठाते हुये कहा कि यह एक बड़ी साजिश है, जिससे लोगों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।
कांग्रेस महासचिव श्रीमती गांधी ने बेरोजगारी और पलायन को लेकर कहा कि बिहार के युवा रोजगार के अभाव में केरल से लेकर कश्मीर तक मजदूरी करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि खेती- किसानी से भी अब आमदनी नहीं हो पा रही है, महंगाई चरम पर है और सरकार देश की संपत्ति निजी हाथों में बेच रही है।
उन्होंने राज्य में सत्तारुढ़ राजग सरकार पर हमला करते हुये कहा कि, ‘राजग सरकार के नेता कहते हैं कि हम एक करोड़ रोजगार देंगे, लेकिन यह नहीं बताते कि 20 साल में रोजगार क्यों नहीं दिया गया?’
कांग्रेस नेता ने महिलाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुये कहा कि बिहार में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं और सरकार ने उनके लिये कोई ठोस कदम नहीं उठाये हैं। उन्होंने कहा कि यहां बहन- बेटियां आज भी असुरक्षित महसूस करती हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डबल इंजन सरकार’ के दावे पर कटाक्ष करते हुये कहा कि, ‘यह सिंगल इंजन सरकार है, क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कोई नहीं सुनता। सारे फैसले दिल्ली से लिये जाते हैं और उन्हें सम्मान नहीं दिया जा रहा।‘
सभा के अंत में प्रियंका गांधी वाड्रा ने बिहार की जनता से महागठबंधन के प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की सरकार बनने पर हर परिवार के एक सदस्य को रोजगार, 200 यूनिट मुफ्त बिजली और भ्रष्टाचार- मुक्त शासन मिलेगा। अब बिहार को बदलाव की जरूरत है। आपको भटकाना नहीं है, बल्कि बिहार को नई दिशा देनी है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के भाषण के दौरान सभा स्थल पर भारी भीड़ उमड़ी थी और इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बदलाव लाना है, प्रियंका को लाना है और महागठबंधन ज़िंदाबाद के नारे जमकर लगाये।
नीरज
लाइव 7
प्रियंका गांधी का हमला: ‘20 साल की सत्ता ने बिहार को दी सिर्फ गरीबी और पलायन’
Leave a Comment
Leave a Comment

