उप राष्ट्रपति चुनाव: खरगे ने कहा, विपक्ष को सुदर्शन रेड्डी की जीत का भरोसा

Live 7 Desk

नयी दिल्ली, 09 सितंबर (लाइव 7) उप राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान जारी रहने के बीच, विपक्षी इंडिया गठबंधन ने अपने उम्मीदवार, उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी की जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने वोट डालने के बाद मीडिया से कहा, ” विपक्ष के उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी के जीतने की पूरी संभावना है। लोकतंत्र में, सभी दलों का एकजुट होकर उनकी जीत सुनिश्चित करना हमारा सामूहिक लक्ष्य है।”
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को ‘इस्तेमाल करो और फेंक दो’ की नीति पर चलने वाली पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा, ” मतदान अंतरात्मा की आवाज़ पर होता है। देश जानता है कि भाजपा किस तरह की पार्टी है। यह ‘इस्तेमाल करो और फेंक दो’ की नीति का पालन करने वाली पार्टी है। हमारे उप राष्ट्रपति के साथ भी यही हुआ, जो अब तक लापता हैं।”
कुछ दलों द्वारा इस महत्वपूर्ण चुनाव से दूर रहने के फैसले पर, श्री यादव ने कहा कि विपक्ष के पास पर्याप्त संख्या बल है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने ज़ोर देकर कहा, ” कुछ लोगों के मतदान से दूर रहने के बावजूद, हमें पूरा विश्वास है। संख्या बल हमारे पक्ष में है। हम जीतेंगे। “
इस बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वोट डालने के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देने से परहेज किया। संसद परिसर से जाने से पहले मुस्कुराते हुये उन्होंने कहा, ” नमस्ते भैया। धन्यवाद। आपसे मिलकर खुशी हुई। ”
इसके अलावा, उप राष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने वालों में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अश्विनी वैष्णव,   लाल खट्टर, एस. जयशंकर, पीयूष गोयल, रवनीत सिंह बिट्टू और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे,संबित पात्रा, जगदंबिका पाल तथा हेमा मालिनी शामिल थे।
संसद की वर्तमान स्थिति के आधार पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को महत्वपूर्ण संख्यात्मक बढ़त प्राप्त है, जिसके लोक सभा में 293 सदस्य और राज्य सभा में 134 सदस्य हैं, यानी उसे कुल 427 वोट मिलने की संभावना है।
इसके विपरीत, विपक्षी इंडिया गठबंधन के पास लोक सभा में 249 और राज्य सभा में 105 सीटें हैं, जिससे उनके कुल वोट 354 हो जाते हैं।
मतदान शाम पांच बजे समाप्त होगा और मतगणना शाम छह बजे शुरू होगी।
श्रवण, मधुकांत
लाइव 7

Share This Article
Leave a Comment