अश्विनी वैष्णव ने किया बरेका का दौरा, महिला कर्मचारियों का किया उत्साहवर्धन

Live 7 Desk

वाराणसी, 08 नवंबर (लाइव 7) केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार एवं बरेका के महाप्रबंधक सोमेश कुमार भी उपस्थित रहे।
रेल मंत्री ने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप और लोको टेस्ट शॉप का विस्तृत निरीक्षण किया तथा निर्माण प्रक्रिया से जुड़ी तकनीकी जानकारियां प्राप्त कीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों से संवाद करते हुए लोको निर्माण की बारीकियों पर चर्चा की और विशेष रूप से महिला कर्मचारियों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया।
श्री वैष्णव ने कर्मचारियों से लोको निर्माण की गुणवत्ता एवं दक्षता बढ़ाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए। कर्मचारियों द्वारा दिए गए उपयोगी सुझावों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि “लोको निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। बरेका की पहचान उच्च गुणवत्ता और नवाचार से बनी रहनी चाहिए।”
उन्होने बरेका की उत्पादन क्षमता, स्वच्छता व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और सामग्री प्रबंधन प्रणाली की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि बरेका भारतीय रेल की तकनीकी आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट उदाहरण है, जहां निरंतर नवाचार और आधुनिक तकनीक का सफल समावेश किया जा रहा है।
श्री वैष्णव ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई देते हुए उन्हें देश की प्रगति के इंजन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
सं  
लाइव 7

Share This Article
Leave a Comment