Live 7 TV
सनसनी नहीं, सटीक खबर

सड़क दुर्घटना में महिला की मौत

- Sponsored -

मेदिनीनगर: पलामू जिले में रविवार की सुबह करीब सात बजे हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना हैदरनगर-जपला मुख्य मार्ग पर दीवान बिगहा गांव के समीप हुई। बताया जा रहा है कि दीवान बिगहा निवासी 50 वर्षीय महिला शिला देवी सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घटना स्थल पर ही महिला की मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मुखिया जमुना यादव के नेतृत्व में सड़क जाम कर दिया। सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया। दोषी वाहन चालक के गिरफ्तारी की मांग की गई। दो घंटे से जपला-हैदरनगर मुख्य पथ जाम है। मुखिया जमुना यादव ने बताया कि दुर्घटना में मरने वाली महिला के आश्रितों को 5 लाख रुपये मुआवजे की मांग की जा रही है। उन्होंने बताया कि आए दिन इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। प्रशासन को यातायात को व्यवस्थित करना चाहिए। वाहनों की गति सीमा निर्धारित होनी चाहिए। इसका अनुपालन कराया जाना चाहिए। यह घटना हाईवा चालक की गलती से हुई है। लिहाजा उसे सजा मिलनी चाहिए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों के हंगामे की सूचना पाकर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। अंचल पदाधिकारी राजीव नीरज ने बताया कि मृतक महिला के आश्रित को एक लाख रुपये मुआवजा देने का प्रावधान है। थाना प्रभारी ने कहा कि दुर्घटना के लिए दोषी वाहन चालक को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।

Looks like you have blocked notifications!

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.