बाघमारा के खरखरी नवाडीह मोदक बस्ती में हुआ बवाल, दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, फायरिंग,बमबाजी और पथराव से दहला इलाका,फैली दहशत
- Sponsored -
सूचना पर ग्रामीण एसपी, डीएसपी सहित कई थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा, स्थिति नियंत्रण में:-
कतरास: मधुबन थाना क्षेत्र के खरखरी नवाडीह मोदक बस्ती में शुक्रवार को दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। दोनों पक्षों के दर्जनों लोगों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडे सहित घातक हथियारों से प्रहार किया। ताबड़तोड़ दर्जन राउंड फायरिंग व बम विस्फोट भी किया गया, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। इस दौरान उपद्रव मचा रहे लोगों ने आधा दर्जन दोपहिया वाहन और एक कार को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। दोनों ओर से जमकर पथराव किया गया। उपद्रव में दर्जन भर आवास और दुकानें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ने का काम किया। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस तथा पत्रकारों के साथ भी हाथापाई करने मे पिछे नही रहे। दोपहर करीब 12 बजे से दोनों पक्षों में झड़प शुरू हुई, जो शाम करीब चार बजे के बाद भी जारी रही। शाम तक दोनों पक्षों के लोग अलग-अलग खेमे में जमे हैं। रह-रह कर गोलीबारी की आवाज सुनाई देती रही। दोनों पक्षों को समझाने बुझाने के दौरान सांसद प्रतिनिधि रामाशंकर तिवारी तथा खरखरी पंचायत के मुखिया कुंदन रजक को भी चोटें आई।
नोक-झोंक से शुरू हुआ विवाद हिंसा में बदला
- Sponsored -
- Sponsored -
बताया जाता है कि दोनों पक्षों में एक युवक को पकड़कर जंगल में हाथ पैर बांध पीटने के मामले में शुरू हुए नोक-झोंक हिंसक झड़प में तब्दील हो गई, घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण एसपी रिश्मा रमेशन,डीएसपी निशा मुर्मू, बीडीओ सुनील प्रजापति, सीओ कमल किशोर सिंह,इंस्पेक्टर सुभाष सिंह के अलावा मधुबन,सोनारडीह,धर्माबाध,बरोरा, महुदा थाना की पुलिस बल समेत जिले से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासन के लोग स्थिति संभालने में जुटे रहे, पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। फिलहाल तनाव बरकरार है। घटना में दोनों पक्षों से करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जबकि कई अन्य लोगों को चोट लगने की सूचना है। हालांकि पुलिस के समक्ष कोई जख्मी नही आया है। वही घटना के बारे में कुछ लोगों का कहना है कि चापाकल पर पानी भरने के सवाल पर दो लड़कों के बीच नोक झोंक हुई, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और धीरे धीरे दोनों पक्ष के लोग जुटते चले गए।वही समाचार लिखे जाने तक मजिस्ट्रेट के अलावे अनुमंडल पुलिस के पदाधिकारी भारी संख्या में पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर कैम्प कर रही है।
पुलिस ने तीन लोगों को लिया हिरासत में
बताया जाता है कि घटनास्थल पर दोनों पक्षों से गांव के करीब पांच सौ लोग जमा थे। पुलिस बल की संख्या पहले कम थी। शुरुआती दौर में ही पुलिस ने एक आरोपित को हिरासत में ले लिया था, लेकिन लोगों ने उसे जबरन छुड़ाने की कोशिश की। बाद में पुलिस तीन लोगों को पकड़ा है।
- Sponsored -
Comments are closed.