- Sponsored -
रांची : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने शुक्रवार को कहा कि राज्य के विषयों, विचारों और जनभावना के साथ निष्ठा और दृढ़ता के साथ खड़ा रहना और हर जरूरी सवालों पर संघर्ष करना पार्टी की प्रतिबद्धता रही है। श्री महतो ने शुक्रवार को आजसू पार्टी के पुराने सदस्य रहे तथा टुंडी विधानसभा क्षेत्र के बसपा एवं कांग्रेस के प्रत्याशी रहे भास्कर ओझा को आजसू पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए कहा कि उनकी पार्टी राजनीतिक उसूलों के केंद्र में आम अवाम की आवाज को रखते हुए लगातार चलते रहे हैं। झारखंडियों के लिए एक बेहतर राजनीतिक परिवेश देना ही आजसू पार्टी का मूल मकसद है। आजसू पार्टी की नीति और काम का ही असर है कि जो भी अलग रास्ते पर जाते हैं, वो पुन: पार्टी में वापसी करते हैं। यह हमारी पार्टी की वैचारिक जीत है।
आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं गोमिया के विधायक लंबोदर महतो ने भास्कर ओझा सहित सैंकड़ों कार्यकर्ताओं का आजसू परिवार में स्वागत करते कहा कि कार्यकर्ताओं के मान सम्मान से ही पार्टी ने ऊंचाइयों को छुआ है। साथ ही उन्होंने आजसू पार्टी को और मजबूत करने तथा कंधे से कंधा मिलाकर पार्टी का विस्तार करने का भी आह्वान किया।
वहीं, आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए भास्कर ओझा ने कहा कि जन-जन तक आजसू पार्टी की विचारधारा को पहुँचाने तथा त्याग और समर्पण के साथ पार्टी का विस्तार करने का पूरा प्रयास करेंगे।
- Sponsored -
Comments are closed.