- Sponsored -
लोहरदगा: आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत शनिवार को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के शुभ अवसर पर जिला प्रशासन लोहरदगा की ओर से इट राइट चैलेंज मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो द्वारा बालक व बालिका दोनों वर्ग के प्रतिभागियों को समाहरणालय मैदान से हरी झंडी दिखाकर उनके निर्धारित रूट के के लिए रवाना किया गया। लड़कियां समाहरणालय मैदान से चर्च मोड़, रघुटोली, रेलवे स्टेशन होते हुए वापस समाहरणालय मैदान पहुंचे। वहीं लड़के समाहरणालय मैदान से कचहरी मोड़,साइडिंग,पावरगंज चौक,मैना बगीचा होते हुए वापस समाहरणालय मैदान पहुंचे। निर्धारित रूट पर अलग-अलग स्वयंसेवी संस्थाओं के वॉलंटियर्स को प्रतिनियुक्त किया गया था।
जिला प्रशासन ने किया गांधी व शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित
सर्वप्रथम उपायुक्त सहित सभी पदाधिकारियों ने गुदरी बाजार स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा व लालबहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। चिरी स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर उपविकास आयुक्त अखौरी शशांक सिन्हा सहित पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण किया गया। फिर समाहरणालय मैदान में मुख्य समारोह स्थल पर दौड़ से पूर्व अतिथियों द्वारा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया गया।
सरकार की योजनाएं पहुंचाना हमारा उद्देश्य: उपायुक्त
उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो ने कहा कि आज 2 अक्टूबर के दिन दो महापुरुषों का जन्मदिवस है जिनके विचार व मूल्य हमारे लिए सैदव अनुकरणीय हैं। आज ही के दिन वर्ष 1869 को गुजरात के पोरबंदर में एक महानायक का जन्म हुआ था जिन्हें हम महात्मा गांधी के नाम से जानते हैं। उन्हीं के नेतृत्व में हमने देश की आजादी हासिल की गयी। अंग्रेजों की गुलामी से देश को आजाद कराने में बापू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दूसरे लाल जिनका आज जन्मदिवस है वे हमारे देश के दूसरे प्रधानमंत्री थे ,जिनका नाम लाल बहादुर शास्त्री हैं। आज दोनों महापुरुषों के जन्मदिवस को यादगार बनाने के लिए इस मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया है। इस आयोजन से हम संदेश देना चाहते हैं कि सभी को भोजन पाने का अधिकार है। जिले में अधिक से अधिक लोगो को मनरेगा अंतर्गत रोजगार देना हमारी प्राथमिकता में है। सभी को सही समय पर अनाज और बढ़िया अनाज उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। सभी को बढ़िया स्वास्थ्य व बेहतर पोषण देना है। इस तरह से सरकार चाहती है कि कोई भी भूखा ना रहे। कोई बीमारी से ना मरे। सभी को दवा मिले, सभी को स्वच्छ पानी मिले। साथ ही सभी योजनाओं का लाभ मिले। यही हमारा उद्देश्य है। उपायुक्त ने कहा कि पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। हम लोग भी आयोजन कर रहे हैं। हम संकल्प लें कि सरकार की जो भी योजनाएं हैं उन योजनाओं को आमजनों तक पहुंचाएं। ताकि लोगों में खुशहाली हो। सभी को भोजन का अधिकार है। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अखौरी शशांक सिन्हा ने कहा कि सभी को भोजन और सही पोषण ही इस मैराथन का उद्देश्य है। आज दो महापुरुषों का जन्मदिवस है जिनके मूल्यों को आत्मसात करने की आवश्यकता है। हम दोनों महापुरुषों के जीवन के मूल्यों को आत्मसात करें, क्रियान्वित करें। अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें। अनुमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल ने इस मौके पर कहा कि आज विशेष दिन है। आज दो महापुरुषों का जन्मदिवस है। उनका नमन करते हैं। उनके हम ऋणी हैं, जिस ऋण को हम नहीं चुका सकते। आज इस जयंती को मनाने के लिए के लिए सही भोजन, सही पोषण के कंसेप्ट को आगे बढ़ाने के लिए, आजादी के अमृत महोत्सव को परिलक्षित करने के लिए के इस मैराथन दौड़ का निदेश उपायुक्त महोदय द्वारा दिया गया। इसके लिए प्रतिभागियों से आॅनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाया गया जिसमें 417 प्रतिभागियों ने अपना निबंधन कराया। उसमे 83 बालिका और 334 बालकों ने भाग लिया।
25 बालिका और 25 बालक को किया गया पुरस्कृत
मैराथन में बालिका वर्ग में प्रथम क्रांति कुमारी,रघुटोली लोहरदगा,द्वितीय पूजा उरांव, भंडरा,तृतीय आकृति कुजूर भंडरा तथा बालक वर्ग में प्रथम अरविंद उरांव,द्वितीय अरविंद यादव,तृतीय राजकुमार उरांव को ट्रॉफी,मेडल तथा बालक एवं बालिका वर्ग के 1 से25 स्थान पर आने वाले सभी को जूता एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।दौड़ से पूर्व सभी प्रतिभागियों को टी शर्ट दी गई।प्रतिभागियों को जूता की व्यवस्था हिंडाल्को की ओर से की गई। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि चंद्रशेखर अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वीएन सिंह, पुलिस उपाधीक्षक परमेश्वर प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, कार्ययपालक दंडाधिकारी अमित बेसरा, नगर पर्षद कार्ययपालक पदाधिकारी देवेंद्र कुमार, सिविल सर्जन डॉ एसके सुबोध, अंचल अधिकारी अरूण तिर्की, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ शम्भूनाथ चौधरी, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के सीएसआर हेड नीरज कुमार, होप संस्था की मनोरमा एक्का, नेहरू युवा केन्द्र के अब्दुल फारूक ,मारवाड़ी युवा मंच,एल जी एस एस व 85 की संख्या में उनके वॉलेंटियर्स मौजूद थे। कार्यक्रम का मंच संचालन गणेश लाल ने किया।
- Sponsored -
Comments are closed.